iQOO Z11x 5G रिव्यू: ₹20,000 में असली बैटरी किंग? 7200mAh वाला ये फोन सबको पीछे छोड़ देगा

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share
क्विक वर्डिक्ट (संक्षिप्त में निष्कर्ष)

iQOO Z11x 5G अपनी बेसिक चीज़ों को सही तरीके से पूरा करता है। ₹20,000 से कम कीमत में इसकी 7,200mAh बैटरी अपने सेगमेंट में सबसे आगे है, Dimensity 7400 Turbo प्रोसेसर लगभग हर काम को आसानी से संभाल लेता है, 120Hz स्क्रीन रोज़मर्रा के इस्तेमाल को स्मूद बनाती है, और 50MP प्राइमरी कैमरा डे-लाइट में अच्छा प्रदर्शन करता है।

हालांकि, इसमें कुछ समझौते भी हैं। LCD पैनल OLED डिस्प्ले जितना अच्छा कॉन्ट्रास्ट नहीं दे पाता, इतनी बड़ी बैटरी के लिए 44W चार्जिंग थोड़ी कमज़ोर लगती है, बॉक्स से ही ब्लोटवेयर मौजूद है, और 219 ग्राम वज़न के कारण लंबे समय तक इस्तेमाल में फोन भारी महसूस हो सकता है।

खरीदें अगर:

  • आप ₹20,000 के अंदर सबसे बेहतर बैटरी लाइफ चाहते हैं
  • आपके लिए 60fps गेमिंग और लगातार अच्छी परफॉर्मेंस मायने रखती है

न खरीदें अगर:

  • आपके लिए एक शानदार OLED डिस्प्ले जरूरी है
  • आप फोटोग्राफी के लिए एक संतुलित कैमरा सिस्टम चाहते हैं
  • आपके लिए क्लीन, ब्लोटवेयर-फ्री सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस महत्वपूर्ण है

iQOO Z11x ₹20,000 के अंदर आने वाले सबसे फीचर-पैक्ड मिड-रेंज स्मार्टफोनों में से एक है। इसमें बड़ा 120Hz डिस्प्ले है, ऐसा ऑक्टा-कोर चिपसेट मिलता है जो आराम से 60fps BGMI गेमिंग संभाल सकता है, हाई-रिज़ॉल्यूशन प्राइमरी कैमरा और बड़ी बैटरी दी गई है, जो उन यूज़र्स के लिए फायदेमंद है जो दिन में दो बार फोन चार्ज करते हैं।

यह पिछले साल आए iQOO Z10x सीरीज़ के मुकाबले ये एक अच्छा अपग्रेड भी है। इसके बारे में कहने के लिए काफी कुछ है, अच्छाइयाँ और कमियाँ दोनों, तो बिना देर किए सीधे iQOO Z11x 5G रिव्यू शुरू करते हैं।

iQOO Z11x 5G रिव्यू

हमने कैसे टेस्ट किया

टेस्ट यूनिट: iQOO ने iQOO Z11x 5G का रिव्यू यूनिट उपलब्ध कराया, हालांकि इस रिव्यू में कंपनी का कोई हस्तक्षेप नहीं था।
ड्यूरेशन और एनवायरनमेंट: मैंने इस फोन को 10 दिनों से ज्यादा इस्तेमाल किया और भारत में Jio SIM के साथ टेस्ट किया। यह यूनिट OriginOS 6 के लेटेस्ट वर्जन — PD2532CF_EX_A16.0.13.0.W30 पर चल रहा था।
टेस्टिंग: मैंने कॉलिंग, सोशल मीडिया, स्ट्रीमिंग और नेविगेशन जैसे डेली यूज़ के साथ-साथ BGMI गेमिंग सेशन में इसकी परफॉर्मेंस को परखा। इसके अलावा AnTuTu, Geekbench 6 और 3DMark जैसे सिंथेटिक बेंचमार्क्स भी चलाए गए। कैमरा को अलग-अलग लाइटिंग कंडीशंस में टेस्ट किया गया और मिक्स्ड यूसेज में बैटरी ड्रेन को भी ट्रैक किया गया।
बाज़ार में प्रतिस्पर्धी फोन: realme P4, Moto G86 Power, OPPO K14, Redmi Note 15 5G, vivo T5x 5G, POCO M8 5G

iQOO Z11x 5G: कीमतें और उपलब्धता

iQOO Z11x 5G तीन स्टोरेज वेरिएंट्स में उपलब्ध है। बेस वेरिएंट में 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है, मिड वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जबकि टॉप वेरिएंट में 8GB RAM और 256GB स्टोरेज दी गई है।

iQOO Axis Bank और SBI कार्ड्स पर ₹2,000 तक का डिस्काउंट और 6 महीने का NCEMI ऑप्शन भी ऑफर कर रहा है।

यह फोन Titan Black और Prismatic Green रंगों में उपलब्ध है। रिव्यू के लिए मुझे Titan Black वेरिएंट मिला।

Pros

  • सेगमेंट में सबसे बड़ी 7,200mAh बैटरी
  • 10–11 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम
  • बॉक्स में 44W फास्ट चार्जिंग शामिल
  • OIS के साथ मज़बूत 50MP प्राइमरी कैमरा
  • 32MP सेल्फी कैमरा, 4K रिकॉर्डिंग सपोर्ट
  • स्मूद 120Hz डिस्प्ले, आउटडोर में अच्छी ब्राइटनेस
  • Dimensity 7400 Turbo की भरोसेमंद डेली परफॉर्मेंस
  • फीचर-रिच OriginOS, उपयोगी मल्टीटास्किंग टूल्स के साथ
  • IP68, IP69+ सर्टिफिकेशन के साथ मज़बूत बिल्ड
  • मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी
  • लाउड ड्यूल स्पीकर्स
  • तेज़ और रिस्पॉन्सिव फिंगरप्रिंट सेंसर

Cons

  • 219 ग्राम वज़न के कारण भारी महसूस होता है
  • LCD डिस्प्ले में मोटे बेज़ल्स और नीचे चिन नई ऐप्स खोलने पर 120Hz रीसेट हो जाता है
  • काफी प्री-इंस्टॉल्ड ब्लोटवेयर
  • 2MP डेप्थ सेंसर ज़्यादा उपयोगी नहीं
  • लो-लाइट में कैमरा कमज़ोर पड़ता है
  • सेल्फी HDR हर बार सही काम नहीं करता
  • इतनी बड़ी बैटरी के लिए 44W चार्जिंग धीमी लगती है

iQOO Z11x 5G रिव्यू: डिज़ाइन

iQOO Z11x

iQOO Z11x 5G पहली नज़र में ही एक बड़ा और भारी फोन (219 ग्राम) लगता है, लेकिन अगर आप फॉर्म से ज़्यादा फंक्शन को महत्व देने वालों में से हैं तो यह परेशानी वाली बात नहीं है। एक हाथ से इस्तेमाल थोड़ा मुश्किल हो सकता है, हालांकि वज़न का संतुलन अच्छा है। हमें रिव्यू के लिए काले रंग का (Titan Black) वेरिएंट मिला, जबकि हरे रंग (Prismatic Green) में भी ये फोन उपलब्ध है।

फोन का बैक पैनल और फ्रेम प्लास्टिक के हैं, लेकिन बिल्ड क्वालिटी मज़बूत है, कहीं कोई क्रीक या फ्लेक्स नहीं मिलता। फ्लैट फ्रेम और राउंडेड एजेस इसे मॉडर्न लुक देते हैं। टेक्सचर्ड बैक अलग-अलग लाइट में हल्का ग्लो करता है, जिससे डिज़ाइन देखने में थोड़ा अलग लगता है। पीछे स्क्वायरिकल (चौकोर आकार में) कैमरा मॉड्यूल में दो कैमरे, फ्लैश और RGB लाइट मिलती है, जो नोटिफिकेशन और गेमिंग के दौरान चमकती है, जो इस कीमत पर अच्छा फीचर है, लेकिन ये उतनी आकर्षक नहीं है।

iQOO Z11x

हल्का कर्व्ड बैक फोन को हाथ में आरामदायक बनाता है। साथ ही, IP68 और IP69+ रेटिंग और मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी इसे पानी और रोज़मर्रा के झटकों से सुरक्षित बनाती है।

बटन और पोर्ट प्लेसमेंट स्टैंडर्ड है। दायीं साइड पर पावर और वॉल्यूम बटन, नीचे USB-C पोर्ट, स्पीकर और माइक्रोफोन, बाईं तरफ ऊपर SIM ट्रे और टॉप पर IR ब्लास्टर दिया गया है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू: डिस्प्ले

iQOO Z11x

iQOO Z11x 5G में 6.76-इंच का FHD+ LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 1200 निट्स पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। 6.76-इंच के साथ ये स्क्रीन बड़ी, शार्प और क्लियर है, जिससे वीडियो और कंटेंट देखना आरामदायक रहता है। स्क्रीन शार्प है, इसमें इतने पिक्सल्स हैं कि ध्यान से देखने पर भी अलग-अलग पिक्सल नज़र नहीं आते।
यहीं पर 382ppi पिक्सल डेंसिटी अपना काम अच्छे से करती है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू

डिफॉल्ट “Natural” कलर प्रोफाइल में अच्छे और वाइब्रेंट कलर्स मिलते हैं, जबकि “Bright” मोड और ज़्यादा पॉप देता है। हालांकि, LCD होने की वजह से इसका कॉन्ट्रास्ट OLED डिस्प्ले वाले फोन्स जितना अच्छा नहीं है।

iQOO Z11x

1200 निट्स ब्राइटनेस के चलते इंडोर और आउटडोर विजिबिलिटी अच्छी रहती है, मैंने ब्राइटनेस को इंडोर में लगभग 25% और आउटडोर में करीब 60% पर रखा। लेकिन तेज़ धूप में थोड़ी और ब्राइटनेस की ज़रूरत महसूस होती है। ये 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट के साथ आता है, जो स्क्रॉलिंग को स्मूद बनाता है, हालांकि नए ऐप्स में यह खुद-ब-खुद कम हो जाता है, जिसे मैनुअली ठीक किया जा सकता है।

iQOO Z11x

डिस्प्ले में कई आई-प्रोटेक्शन फीचर्स भी दिए गए हैं, जो कलर्स को वार्म करते हैं और ब्राइटनेस को एडजस्ट करते हैं। डिजाइन की बात करें तो पंच-होल कटआउट, मोटे बेज़ल्स और नीचे मोटा चिन मिलता है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू: परफॉरमेंस

परफॉर्मेंस के लिए iQOO Z11x 5G में Dimensity 7400 Turbo (4nm) चिपसेट दिया गया है, जो Z10x के Dimensity 7300 पर हल्का सा अपग्रेड है।

Dimensity 7400 Turbo (4nm) में चार 2.6GHz परफॉर्मेंस कोर, चार 2.0GHz बैलेंस्ड कोर, Mali-G615 MC2 GPU, 8GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। यह सेगमेंट का सबसे पावरफुल चिपसेट नहीं है, लेकिन रोज़मर्रा के इस्तेमाल में कहीं कमी नहीं छोड़ता।

रोज़मर्रा में इसकी परफॉरमेंस

iQOO Z11x

डेली यूज़ में फोन ने WhatsApp, YouTube, Netflix, OTT ऐप्स जैसे Prime Video और कैजुअल गेमिंग को आसानी से संभाला। ऐप स्विचिंग भी स्मूद रहती है, हालांकि भारी ऐप्स के बीच स्विच करते समय हल्का लैग दिखा। RAM मैनेजमेंट अच्छा है, लेकिन बैकग्राउंड में हेवी ऐप होने पर 6-7 ऐप्स के बाद फोन ऐप्स बंद कर देता है। करीब दो हफ्ते के इस्तेमाल में सिर्फ कभी-कभार हल्की स्टटरिंग देखने को मिली।

सिंथेटिक बेंचमार्क

बेंचमार्क में कंपनी जहां 1 मिलियन+ AnTuTu स्कोर का दावा करती है, वहीं मेरे टेस्ट में AnTuTu V11.0.9 पर फोन ने 947,858 स्कोर किया और इस दौरान बैक पैनल थोड़ा गर्म हुआ।

बेंचमार्क iQOO Z11x 5G (Dimensity 7400 Turbo)
AnTuTu v11947,858
Storage (Score, Sequential Read Speed, Write Speed)स्कोर: 96282; Sequential Read: 2144.3 MB/s; Sequential Write: 1894.8 MB/s
Geekbench 6 CPU (Single-Core, Multi-Core)सिंगल कोर:1070; मल्टी-कोर: 2659
Geekbench 6 GPU (OpenCL, Vulkan)OpenCL: 3037; Vulkan: 3074
3DMark Wildlife Extreme (Score, Avg FPS)स्कोर: 1005; Avg FPS: 6.02
3DMark Wildlife Extreme Stress Test (Best Loop, Lowest Loop, Stability)Best Loop: 1012; Lowest Loop: 1002; Stability: 99%

गेमिंग

गेमिंग की बात करें तो BGMI में 60fps तक सपोर्ट मिलता है। मुझे इसमें 30 मिनट के सेशन में लगभग 59fps का स्थिर परफॉर्मेंस मिला। हालांकि एक घंटे की गेमिंग के बाद फोन हल्का गर्म हुआ, लेकिन ये कोई बड़ी समस्या या चिंता की बात नहीं है। इसमें सबसे हाई ग्राफ़िक्स सेटिंग्स में HDR + Ultra सेटिंग तक सपोर्ट मिलता है, जिससे यह कैजुअल गेमिंग के लिए अच्छा विकल्प बनता है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू

अब बात करें स्पीकर की तो, इसमें मौजूद डुअल स्टीरियो स्पीकर्स काफी लाउड हैं, लेकिन साउंड क्वालिटी एवरेज है। हैप्टिक्स उम्मीद से बेहतर हैं। सिक्योरिटी के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर तेज और भरोसेमंद है, जबकि फेस अनलॉक ठीक काम करता है, लेकिन ज़्यादा सिक्योरिटी के लिए उस पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।

iQOO Z11x 5G रिव्यू: सॉफ्टवेयर

iQOO Z11x

iQOO Z11x 5G, Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है। कंपनी 2 साल के OS अपडेट और 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट देती है, जो इस सेगमेंट के हिसाब से ठीक है, भले ही कुछ ब्रांड्स इससे बेहतर ऑफर करते हों।

UI मुझे साफ और फ्लुइड लगा। इसमें कई कस्टमाइज़ेशन विकल्प भी मिलते हैं, जैसे – थीम्स, Flip cards लॉकस्क्रीन, AOD, आइकन स्टाइल और सिस्टम लुक बदलने की सुविधा।

हालांकि, डिफॉल्ट लॉकस्क्रीन पोस्टर फीचर (हर बार नया वॉलपेपर) मुझे खास पसंद नहीं आया, लेकिन इसे बदला जा सकता है। इसके अलावा आप स्लाइडिंग इफ़ेक्ट, होम स्क्रीन स्टाइल, Google Discover फीचर जैसी चीज़ों में भी बदलाव कर सकते हैं।

फोन में Raise to Wake और डबल-टैप जैसे स्मार्ट फीचर्स भी हैं (डिफॉल्ट में बंद), जबकि बाकी इंटरफेस काफी फेमिलियर है। OriginOS 6 में iQOOshare, Link Windows, Monster Mode, Esports Mode और Super Battery Saver जैसे कई काम के फीचर्स मिलते हैं।

Origin Island (Drag & Go) भी मुझे काफी उपयोगी लगा, इसके साथ आप टेक्स्ट को सीधे एक ऐप से दूसरी ऐप (जैसे WhatsApp) में आसानी से शेयर कर सकते हैं, जो इसे खास बनाता है।

AI फीचर्स में डॉक्यूमेंट समरी/रीराइट, AI Erase, AI UHD, Gemini AI और Circle to Search शामिल हैं, जो अच्छे से काम करते हैं। हालांकि, ज़्यादातर AI फीचर्स इंटरनेट पर निर्भर हैं—बस ध्यान रखने वाली बात है।

पिछली बार की तरह इसमें भी काफी प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स (Netflix, Facebook, PhonePe आदि) मिलते हैं, जो हर किसी के काम के नहीं होते और एक्सपीरियंस को थोड़ा प्रभावित कर सकते हैं।

iQOO Z11x 5G रिव्यू: कैमरे

हालांकि iQOO Z11x 5G में तीन कैमरे हैं – दो फ्रंट पर और एक पीछे, लेकिन आप इनमें से सिर्फ दो से ही बेहतरीन आउटपुट पा सकते हैं। मैं बात कर रहा हूँ प्राइमरी कैमरा 50MP Sony IMX852 सेंसर की, जो f/2.45 अपर्चर, ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइज़ेशन और 32MP सेल्फी कैमरा की। तीसरा सेंसर 2MP का डेप्थ कैमरा है, जो प्राइमरी सेंसर के साथ आता है।

प्राइमरी कैमरा

50MP का प्राइमरी कैमरा यहां मुख्य भूमिका निभाता है। डे-लाइट में फोटो काफी डिटेल्ड और काफी शार्प आती हैं, जो रोज़मर्रा के सोशल मीडिया इस्तेमाल के लिए अच्छी हैं। ओवरऑल एक्सपोजर कंट्रोल भी ठीक है; ज़्यादातर (हर बार नहीं) तस्वीरें रियल-लाइफ टोन के करीब आती हैं। सीन के डार्क हिस्सों को भी यह अच्छे से संभाल लेता है, हालांकि ध्यान से देखने पर थोड़ा नॉइज़ नजर आता है।

प्राइमरी कैमरा, ISP के साथ मिलकर, खासकर अच्छी रोशनी में स्किन टोन को भी अच्छे से संभालता है। लेकिन यही इसकी ताकत कम रोशनी में कमज़ोरी बन जाती है। लो-लाइट में तस्वीरें सॉफ्ट आती हैं, और कलर या व्हाइट बैलेंस में अस्थिरता दिखती है। नाइट मोड तस्वीरों को बेहतर करता है, लेकिन फिर भी मैं कहूँगी कि डे-लाइट फोटोग्राफी ही इसका सबसे मज़बूत पहलू है।

2x इन-सेंसर ज़ूम

2x इन-सेंसर ज़ूम पर शार्पनेस, क्लैरिटी, स्किन टोन और बैकग्राउंड ब्लर काफी अच्छे मिलते हैं। नीचे दिए गए शॉट्स से मुझे कोई शिकायत नहीं है, खासकर इस कीमत को देखते हुए। हालांकि, लो-लाइट में 2x फोटो लेते समय कलर और डिटेल्स में अस्थिरता देखने को मिलती है।

सेल्फी कैमरा

32MP का सेल्फी कैमरा काफी डिटेल और स्किन टेक्सचर को बनाए रखता है, यहां तक कि पोर्ट्रेट मोड में भी, जब लाइट का मुख्य सोर्स पीछे हो। हालांकि, जैसा कि तीसरी सेल्फी में देखा जा सकता है, HDR बिल्कुल काम नहीं कर पाया, जबकि दोबारा फोटो लेने पर यह ठीक हो गया। यह कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन फ्रंट कैमरा HDR थोड़ा हिट या मिस लगता है।

इस स्मार्टफोन में वीडियो रिकॉर्डिंग 4K30 तक सीमित है, इमेज स्टेबिलाइज़ेशन के साथ, जो कैजुअल फैमिली वीडियो और रोज़मर्रा के क्लिप्स के लिए पर्याप्त है। कुल मिलाकर, कैमरा सिस्टम इस्तेमाल के लायक है, जहां प्राइमरी सेंसर सबसे बेहतर रिज़ल्ट देता है और रोज़मर्रा के लिए ठीक-ठाक फोटो और वीडियो प्रदान करता है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू: बैटरी

यह शायद भारत में ₹20,000 के अंदर आने वाला सबसे बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन है, अगर मुझे सही याद है। iQOO Z11x 5G में 7,200mAh की Si/C बैटरी दी गई है, जो Z10x की 6,500mAh बैटरी से 700mAh ज्यादा है। SIM कार्ड के साथ, फोन ने मॉडरेट इस्तेमाल में लगभग 10 से 11 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम दिया, जो खासकर हल्के यूज़र्स के लिए दो दिन तक चल सकता है।

iQOO Z11x 5G रिव्यू

बिना SIM कार्ड के स्क्रीन-ऑन टाइम 12–13 घंटे तक बढ़ जाता है। हालांकि, ये फिक्स्ड आंकड़े नहीं हैं और आपके इस्तेमाल के तरीके पर निर्भर करते हैं। Idle drain भी काफी कम है। फोन बॉक्स में 44W चार्जर के साथ आता है, जिससे आपको अलग से खर्च नहीं करना पड़ता। यह फोन को लगभग 70 से 75 मिनट में चार्ज कर देता है। मैं व्यक्तिगत रूप से कहूँगा कि चार्जिंग स्पीड थोड़ी धीमी है, खासकर 7,200mAh के लिए।

रिव्यू वर्डिक्ट: क्या आपको iQOO Z11x 5G खरीदना चाहिए?

कीमत के हिसाब से iQOO Z11x 5G सभी ज़रूरी पहलुओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। हालांकि, इसकी सबसे बड़ी खासियत 7,200mAh बैटरी है, जो कॉल और मैसेज जैसे इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स के लिए आराम से दो दिन का बैटरी बैकअप दे सकती है। फोन के अन्य मज़बूत पहलुओं में इसका सक्षम चिपसेट शामिल है, जो डेली टास्क और 60fps BGMI गेमिंग को आसानी से संभाल लेता है, 50MP का प्राइमरी कैमरा जो डे-लाइट में अच्छी डिटेल और कलर्स देता है, और इसकी बिल्ड क्वॉलिटी।

अगर इसमें OLED पैनल होता तो 120Hz स्क्रीन और बेहतर लगती, लेकिन LCD पैनल भी अपना काम ठीक से करता है। हालांकि, अगर OLED डिस्प्ले या सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस आपकी प्राथमिकता है, तो आपको दूसरे विकल्पों पर नज़र डालनी चाहिए, खासकर Snapdragon 7 Gen 4 SoC वाले फोनों पर। वहीं, करीब ₹25,000 के आसपास आपको ऐसे स्मार्टफोन्स भी मिल जाएंगे, जिनमें प्राइमरी कैमरा के अलावा टेलीफोटो और अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलता है।

Smartprix ⭐ रेटिंग: 8.1/10

  • डिज़ाइन और बिल्ड: 8.5/10
  • डिस्प्ले: 8/10
  • स्पीकर: 8.5/10
  • सॉफ्टवेयर: 7.5/10
  • परफॉरमेंस : 8.5/10
  • कैमरे: 8.0/10
  • बैटरी लाइफ और चार्जिंग: 9/10

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Image₹8,000 से कम में 50MP कैमरा और 120Hz डिस्प्ले, Lava का नया फोन चौंका देगा

Lava ने भारत में अपनी बजट सीरीज़ को आगे बढ़ाते हुए नया Lava Bold N2 Pro लॉन्च कर दिया है। खास बात यह है कि यह फोन पिछले महीने आए Bold N2 के तुरंत बाद आया है, लेकिन इस बार कंपनी ने फीचर्स में थोड़ा और दम डालने की कोशिश की है, खासतौर पर कैमरा …

ImageiQOO Z11x 5G लॉन्च: 7200mAh बैटरी वाला फोन, जो शायद चार्जर की टेंशन खत्म कर दे

अगर आपका फोन अक्सर शाम तक पहुंचते-पहुंचते 10–15% बैटरी पर पहुंच जाता है और आप चार्जर ढूंढने लगते हैं, तो iQOO का नया फोन शायद उसी परेशानी का हल बनने की कोशिश कर रहा है। कंपनी ने भारत में iQOO Z11x 5G लॉन्च किया है, और इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसकी 7200mAh बैटरी। इतनी …

Image₹20,000 से कम में OPPO A6s 5G लॉन्च – 6500mAh बैटरी और 120Hz स्क्रीन के साथ क्या ये डील सही है?

Oppo India ने देश में अपना एक नया किफायती मिड-रेंज स्मार्टफोन लॉन्च किया है: Oppo A6s 5G। 120Hz LCD स्क्रीन, Dimensity 6300 चिपसेट और बड़ी बैटरी के साथ आने वाला यह फोन शुरुआती बैंक ऑफर के बाद ₹20,000 से कम कीमत में मिलता है। आइये जानते हैं इसकी कीमत, उपलब्धता, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन। ये पढ़ें: …

ImageVivo T5x 5G लॉन्च: 7200mAh बैटरी वाला फोन, लेकिन क्या ये है सबसे बड़ा अपग्रेड?

अगर आपका फोन शाम तक पहुंचते-पहुंचते 15–20% पर आ जाता है या आपको किसी लम्बे सफर पर बैटरी की चिंता होती है और आप चार्जर ढूंढने लगते हैं, तो Vivo का नया Vivo T5x 5G शायद उसी आदत को बदलने की कोशिश कर रहा है। कंपनी ने भारत में यह फोन लॉन्च कर दिया है, …

ImageSamsung Galaxy M17e 5G लॉन्च: ₹13K में 6 साल अपडेट वाला फोन, लेकिन क्या ये सही डील deal है?

₹15,000 से कम में फोन खरीदते समय आमतौर पर आपको एक समझौता करना पड़ता है। या तो बैटरी बेहतर मिलेगी, या परफॉर्मेंस, या फिर सॉफ्टवेयर सपोर्ट। Samsung इस बार Galaxy M17e 5G के साथ थोड़ा अलग दांव खेलता दिख रहा है। कंपनी ने इस फोन को भारत में लॉन्च कर दिया है, और पहली नज़र …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products