क्विक वर्डिक्ट
OnePlus Nord CE6 Lite उन खरीदारों के लिए एक भरोसेमंद और लंबा चलने वाला फोन है, जिनकी पहली प्राथमिकता बैटरी लाइफ और ड्यूरेबिलिटी (मज़बूती) है। ₹20,999 की कीमत पर इसकी 7,000mAh की बैटरी और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन वाकई प्रभावशाली हैं, लेकिन LCD डिस्प्ले, CE4 Lite के AMOLED पैनल के मुकाबले एक कदम पीछे लगता है, और सिर्फ दो साल के Android अपडेट्स को नज़रअंदाज करना भी आसान नहीं है। गेमिंग परफॉर्मेंस अच्छी है, हालांकि BGMI में लॉन्च के समय 90fps सपोर्ट नहीं मिलता (यह मई के आखिर तक आने वाला है)।
खरीदें अगर:
- आप ₹21,000 से कम में दो दिन चलने वाली बैटरी चाहते हैं
- आपको MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन वाला मज़बूत फोन चाहिए
- आप ऐसा साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर चाहते हैं जो सच में अच्छे से काम करे
- आपको माइक्रो एसडी ज़रिए स्टोरेज बढ़ाने की ज़रुरत पड़ती है
न खरीदें अगर:
- आप CE4 Lite के AMOLED डिस्प्ले के आदि हैं
- आपके लिए लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट बहुत ज़रूरी है
- आपको अल्ट्रा-वाइड या टेलीफोटो कैमरे की ज़रूरत है
- आप बजट बढ़ाकर ₹29,999 वाले Nord CE6 तक जा सकते हैं
Nord CE Lite सीरीज़ दो साल बाद लौटी है, इसलिए OnePlus के लिए यह वापसी काफी अहम है। Nord CE4 Lite, Amazon India Great Indian Festival 2024 सेल में अपने सेगमेंट के सबसे ज़्यादा बिकने वाले Android फोनों में शामिल था, इसलिए इस नए मॉडल पर उम्मीदें पहले से ही काफी बड़ी हैं।
₹20,999 की शुरुआती कीमत के साथ Nord CE6 Lite एक साफ दांव खेलता है – 7,000mAh की बड़ी बैटरी, MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी और साफ-सुथरा OxygenOS 16 अनुभव। सच कहूं तो, इन फीचरों के साथ, एक खास तरह के खरीदार के लिए ये फोन काफी आकर्षक हैं। लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू भी है, क्योंकि यह फोन समझौतों से पूरी तरह मुक्त भी नहीं है।

मैंने काले (Hyper Black) रंग के वेरिएंट को करीब दो हफ्ते इस्तेमाल किया, और इस दौरान इसकी 7,000mAh बैटरी ने मुझे सबसे ज़्यादा प्रभावित किया। वहीं, कुछ चीज़ें ऐसी भी हैं जो Nord CE4 Lite में थीं, जैसे AMOLED डिस्प्ले और बड़ा प्राइमरी कैमरा। अब असली सवाल यही है कि क्या Nord CE6 Lite इन कमियों की भरपाई दूसरी जगहों पर कर पाता है? आइए, OnePlus Nord CE4 Lite रिव्यू में विस्तार से समझते हैं।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G की कीमतें और उपलब्धता
Nord CE 6 Lite 5G भारत में Amazon India, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और भारत के ऑफलाइन स्टोरों पर उपलब्ध है।
- OnePlus Nord CE 6 Lite (6GB + 128GB): ₹20,999
- OnePlus Nord CE 6 Lite (8GB + 128GB): ₹22,999
- OnePlus Nord CE 6 Lite (8GB + 256GB): ₹25,999
इसे आप काले (Hyper Black) और हरे (Vivid Mint) रंगों में खरीद सकते हैं।
फायदे (Pros)
- प्रभावित करने वाली 7,000mAh बैटरी लाइफ
- बॉक्स में 45W चार्जर मिलता है
- बड़ी बैटरी के बावजूद अपेक्षाकृत स्लिम 8.55mm बॉडी
- 144Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट, जो बैटरी बचाने में मदद करता है
- गेमिंग के दौरान शानदार थर्मल मैनेजमेंट
- MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन
- साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर बेहतरीन तरीके से काम करता है
- माइक्रो एसडी द्वारा 2TB तक मेमोरी बढ़ाई जा सकती है
कमियाँ (Cons)
- LCD पैनल, जो CE4 Lite के AMOLED डिस्प्ले से एक कदम पीछे है
- सिर्फ 2 साल के Android OS अपडेट
- पिछले Lite वर्ज़न के मुकाबले छोटा प्राइमरी कैमरा
- अल्ट्रा-वाइड या टेलीफोटो कैमरा नहीं
- मुख्य कैमरे में OIS नहीं
- 208 ग्राम वज़न, जो हाथ में थोड़ा भारी महसूस होता है
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: डिज़ाइन और बिल्ड

रिव्यू के लिए मुझे Hyper Black फिनिश मिला, और प्लास्टिक बिल्ड के बावजूद फोन हाथ में अपनी कीमत से बेहतर महसूस होता है। मैट बैक पैनल के कारण उंगलियों के निशान इस पर नहीं पड़ते, टेक्सचर्ड फ्रेम पकड़ को बेहतर बनाता है, और बॉडी में बिल्कुल फ्लेक्स नहीं है। कुल मिलाकर, फोन हाथ में मज़बूत और भरोसेमंद लगता है।
पीछे दिया गया वर्टिकल कैमरा थोड़ा Galaxy S26 सीरीज़ जैसा लगता है, लेकिन अनुभव में वैसा नहीं है। इसमें तीन कटआउट हैं, जिससे ट्रिपल कैमरा जैसा लुक मिलता है, लेकिन असल में सिर्फ दो में कैमरा लेंस हैं। LED फ्लैश कैमरा सेटअप के सामने ही, बैक पैनल में मौजूद है, और पीछे बीच में सिर्फ कंपनी का लोगो दिया गया है।

CE4 Lite के मुकाबले CE6 Lite साफ तौर पर बड़ा और भारी है। 8.55mm मोटाई और 208 ग्राम वज़न, 7,000mAh बैटरी की मौजूदगी का एहसास कराते हैं। अच्छी बात यह है कि वज़न का संतुलन अच्छी तरह से किया गया है। शुरू के दो-तीन दिन मुझे वज़न महसूस हुआ, लेकिन चौथे दिन के बाद यह उतना खलना बंद हो गया।
जहां पिछले मॉडल में IP54 रेटिंग थी, वहीं CE6 Lite में IP64 रेटिंग मिलती है, जो हल्के फुल्की पानी की छीटों से इसे सुरक्षित रखेगी और एक अच्छा सुधार है। इसके साथ MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन भी दिया गया है, जिससे इसकी मज़बूती पर थोड़ा और भरोसा बढ़ता है।

स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Crystal Guard दिया गया है, और ऊपर से पहले से लगा हुआ स्क्रीन प्रोटेक्टर भी मिलता है। हालांकि, नीचे का मोटा चिन अब भी थोड़ा खटकता है, भले ही यह एक बजट फोन हो।
अब AMOLED डिस्प्ले हटने के साथ इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर भी चला गया है। उसकी जगह यहां साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर मिलता है, जो हर बार बिना दिक्कत अच्छे से काम करता है।

बॉक्स में क्या मिलता है
बॉक्स में फोन के साथ TPU प्रोटेक्टिव केस, 45W SUPERVOOC चार्जर, USB-A से USB-C केबल और SIM इजेक्टर पिन मिलता है। कुल मिलाकर, पैकेज पूरा लगता है।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: हैप्टिक्स, स्पीकर और बायोमैट्रिक्स

हैप्टिक्स ठीक-ठाक हैं, न बहुत खास और न ही खराब। सेटिंग्स में सिस्टम हैप्टिक्स डिफॉल्ट रूप से बंद मिलते हैं।
फोन में ड्यूल-स्पीकर सेटअप है, लेकिन मुख्य काम नीचे वाला स्पीकर करता है, जबकि ईयरपीस आवाज़ में थोड़ा डेप्थ जोड़ता है और इसे तेज़ करता है। साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर भी दिया गया है, और यह बिना किसी दिक्कत के भरोसेमंद तरीके से काम करता है।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: डिस्प्ले

मेरी बहन इस समय OnePlus Nord CE 4 Lite इस्तेमाल कर रही है, और 2024 में आए उस फोन में AMOLED पैनल और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर दोनों मिलते थे। इसलिए जिस चीज़ से हम सबसे ज़्यादा फोन के साथ जुड़ते हैं, यानि उसकी स्क्रीन, उसी मामले में Nord CE6 Lite एक कदम पीछे लगता है।
असल इस्तेमाल में यह फर्क मुझे साफ महसूस हुआ। डार्क मोड में ब्लैक्स ग्रे जैसे दिखते हैं, रंग उतने पंची नहीं लगते और कॉन्ट्रास्ट भी AMOLED पैनल जैसा नहीं है। अगर आप रोज़ OTT प्लेटफॉर्म्स पर काफी समय बिताते हैं, तो यह बात मायने रखती है। बाकी लोगों के लिए शायद यह बहुत बड़ा फर्क न हो।

अच्छी बात यह है कि डिस्प्ले सेटिंग्स में dark mode का विकल्प अब भी मिलता है, और स्क्रीन कलर मोड में आपको vivid और natural, दो विकल्प भी दिए गए हैं।
फोन में 6.72-इंच का ब्राइट LCD IPS पैनल मिलता है, जो 1,000 निट्स HBM ब्राइटनेस तक जाता है। इंडोर और आउटडोर, दोनों तरह की ज़्यादातर स्थितियों में यह पर्याप्त है। तेज़ धूप में भी स्क्रीन पढ़ी जा सकती है, लेकिन यह Nord CE4 Lite जितनी मज़बूत नहीं लगती, जिसमें 1,200 निट्स HBM और 2,100 निट्स पीक ब्राइटनेस मिलती थी।

Nord CE6 Lite की स्क्रीन 144Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz tटच सैंपलिंग रेट के साथ आती है। हालांकि, अभी फोन में सिर्फ दो ऐप्स – Recorder और Compass, ही पूरे 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करते हैं। मुझे यह बात डिस्प्ले सेटिंग्स के refresh rate submenu में जाकर पता चली।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: परफॉरमेंस

Nord CE6 Lite में Dimensity 7400 Apex चिप मिलती है, जिसमें 2.6GHz पर चलने वाले चार Cortex-A78 परफॉरमेंस कोर और 2.0GHz पर चलने वाले चार Cortex-A55 एफिशिएंसी कोर हैं। यह, CE4 Lite के Snapdragon 695 5G के मुकाबले साफ तौर पर ज़्यादा तेज़ है। साथ में Mali G615 GPU, 6GB/8GB LPDDR4X RAM, 128GB/256GB UFS 3.1 स्टोरेज और 2TB तक माइक्रो एसडी कार्ड सपोर्ट भी मिलता है।
रोज़मर्रा में इस्तेमाल

डेली यूज़ में फोन ज़्यादातर समय स्मूद चलता है, हालांकि बीच-बीच में हल्के स्टटर दिखते हैं, खासकर जब स्क्रीन अनलॉक करके सीधे किसी ऐप में जाएं या हैवी ऐप खोलें। Instagram, YouTube, Gmail, WhatsApp जैसे apps अच्छी तरह काम करती हैं, और इसमें UFS 3.1 स्टोरेज की बड़ी भूमिका है।
मैंने एक बात लगातार जो यहां देखी, वो ये कि AnTuTu बेंचमार्क खोलते समय RAM management पीछे चल रहे ऐप्स को बंद कर देता था, हालांकि यह ऐप की समस्या भी हो सकती है। बाकी समय फोन सात-आठ ऐप्स तक बैकग्राउंड में संभाल लेता है और दोबारा खोले बिना स्विच भी कर लेता है। Camera app की burst shutter speed भी काफी अच्छी है। हां, 6GB RAM वाला वेरिएंट उन लोगों को थोड़ा तंग कर सकता है जो एक साथ कई ऐप्स चलाते हैं।

सिंथेटिक बेंचमार्क
बेंचमार्क टेस्टों में Dimensity 7400 Apex, Dimensity 7400 Turbo चिप, जो हमने इस साल पहले इस्तेमाल किया है, से थोड़ा ही बेहतर है। नीच आप इसके बेंचमार्क टेस्टों के नतीजे देख सकते हैं।

| OnePlus Nord CE 6 Lite (Dimensity 7400 Apex) | iQOO Z11x (Dimensity 7400 Turbo) | |
| AnTuTu Score | 1,015,787 | 947,858 |
| Storage (Score, Sequential Read Speed, Write Speed) | Score: 98294; Sequential Read: 2051.4 MB/s; Sequential Write: 1883.2 MB/s | Score: 96282; Sequential Read: 2144.3 MB/s; Sequential Write: 1894.8 MB/s |
| Geekbench 6 CPU (Single-Core, Multi-Core) | Single-Core: 1044; Multi-Core: 2937 | Single-Core: 1070; Multi-Core: 2659 |
| Geekbench 6 GPU (OpenCL, Vulkan) | OpenCL: 2886; Vulkan: 3006 | OpenCL: 3037; Vulkan: 3074 |
| 3DMark Wildlife Extreme (Score, Avg FPS) | Score: 1016; Avg FPS: 6.09 | Score: 1005; Avg FPS: 6.02 |
| 3DMark Wildlife Extreme Stress Test (Best Loop, Lowest Loop, Stability) | Best Loop: 1020; Lowest Loop: 1016; Stability: 99.6% | Best Loop: 1012; Lowest Loop: 1002; Stability: 99% |
गेमिंग परफॉरमेंस
यहीं Nord CE6 Lite अपने सीधे प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाता है। यह Subway Surfers में 144 fps तक सपोर्ट देता है, जिसे मैं खुद इस्तेमाल करके देखा है। OnePlus का कहना है कि BGMI में 90 fps सपोर्ट भी मई के आखिर तक आएगा, क्योंकि मेरी टेस्टिंग में यह 60 fps से ऊपर नहीं गया। अभी BGMI, Super Smooth और Smooth सेटिंग्स पर 60 fps तक चलता है, जबकि Balanced, HD और HDR सेटिंग्स पर फ्रेम रेट Ultra यानि 40 fps तक सीमित रहता है।



करीब 26°C कमरे के तापमान में आधे घंटे की गेमिंग के दौरान फोन ने औसतन 57 से 58 fps के बीच प्रदर्शन किया। 5,300mm² वेपर चैम्बर लंबे सेशन में तापमान को काबू में रखता है, और मेरे टेस्ट में फोन कभी असहज रूप से गर्म नहीं हुआ। इसमें बाईपास चार्जिंग भी मिलती है, जो इस अनुभव को और बेहतर बनाती है।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: सॉफ्टवेयर

दूसरे OnePlus फोन्स की तरह Nord CE 6 Lite पर भी OxygenOS 16 इस्तेमाल में काफी अच्छा लगता है। इंटरफेस साफ है, एनिमेशन स्मूद हैं, ट्रांज़िशन बहुत तेज़ हैं और 120Hz रिफ्रेश रेट की वजह से रोज़मर्रा का इस्तेमाल और भी आसान महसूस होता है। Flux Themes के ज़रिये आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ा बदल भी सकते हैं।
फोन में Device Connect dashboard, Live Caption, Clear Voice, Live Alerts और conversation bubbles जैसे फीचर्स मिलते हैं। Zen Space भी दिया गया है, जो iPhone के Focus Modes जैसा लगता है, और इसमें Deep Zen, Work व Study जैसे मोड पहले से मौजूद हैं।

सुरक्षा और प्राइवेसी के मामले में भी फोन काफी फीचर-रिच है। इसमें Privacy Controls, Advanced Device Protection और Payment Protection जैसे टूल मिलते हैं, जो पेमेंट (भुगतान) वाले ऐप्स की भी जांच करते हैं। App lock, ऐप्स छिपाने का विकल्प और स्क्रीन शेयर करते समय चुनिंदा ऐप्स को छिपाने की सुविधा भी दी गई है। Google के Safety & Emergency फीचर्स, Digital Wellbeing, parental controls, accessibility options, Smart Sidebar, split view customization और recent apps tray में built-in clean-up tool भी यहां मौजूद हैं।

एक बात जो लम्बे समय तक इस्तेमाल करने के हिसाब से फोन खरीदते हैं, उन्हें खल सकती है, वह है इसका सॉफ्टवेयर अपडेट का वादा। फोन में सिर्फ 2 साल के Android अपडेट और 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट्स मिलते हैं, जो आज के समय में थोड़ा कम लगते हैं।
Photos ऐप के AI Editor में AI Recompose, AI Eraser, AI Portrait Glow, AI Perfect Shot, AI Detail Boost, AI Unblur और AI Reflection Eraser जैसे कई फीचर्स मिलते हैं। मैंने खासतौर पर AI Portrait Glow को काफी उपयोगी पाया, क्योंकि यह पोर्ट्रेट फोटोज़ में रोशनी को ज़्यादा नैचुरल बना देता है। इन फीचर्स को पहली बार इस्तेमाल करते समय शर्तें माननी होती हैं और छोटे plugins डाउनलोड करने पड़ते हैं, जिसमें ज़्यादा समय नहीं लगता।

हाँ, फोन में Instagram, Netflix और LinkedIn जैसे कुछ थर्ड पार्टी ऐप्स पहले से इंस्टॉल मिलते हैं। इसके बावजूद, अगर आप रोज़मर्रा के इस्तेमाल में एक साफ, स्मूद और फीचर-भरा अनुभव चाहते हैं, तो OxygenOS 16 अब भी इस फोन की मज़बूत खूबियों में से एक है।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: कैमरे

Nord CE6 Lite की डिस्प्ले की तरह इसका कैमरा सेटअप भी CE4 Lite जितना मज़बूत नहीं लगता। ऐसा मैं क्यों कह रही हूँ? इसकी वजह यह है कि CE6 Lite में 50MP (f/1.8) का 1/2.88-इंच प्राइमरी सेंसर मिलता है, जो CE4 Lite के 1/1.95-इंच प्राइमरी सेंसर से छोटा है। वैसे, यह सेंसर डिफॉल्ट रूप से 12.5MP का binned आउटपुट देता है।
दरअसल, पिछले मॉडल में ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन भी मिलता था, जो इस नए फोन में नहीं है। इसके अलावा कंपनी ने फ्रंट कैमरे का रिजॉल्यूशन भी 16MP से घटाकर 8MP कर दिया है। कागज़ पर ये कटौतियां साफ दिखती हैं। हालांकि रोज़मर्रा के इस्तेमाल में यह फर्क उतना बड़ा महसूस नहीं होता, जितना स्पेसिफिकेशन शीट देखकर लगता है।









तेज दिन की रोशनी में तस्वीरें आमतौर पर अच्छी आती हैं। रंग चटकीले होने के बजाय नेचुरल दिखते हैं, डायनामिक रेंज ठीक-ठाक रहती है और डिटेल भी फ्रेम में काफी हद तक एक जैसी बनी रहती है। पोर्ट्रेट मोड में एज डिटेक्शन कभी-कभी बालों के आसपास संघर्ष करता है, लेकिन कुल मिलाकर नतीजे ऐसे हैं जिनसे ज़्यादातर लोगों को बहुत शिकायत नहीं होगी। रात में तस्वीरें थोड़ी सॉफ्ट आती हैं, लेकिन रंग ज़्यादातर सही बने रहते हैं।





आप 2x पर तक तस्वीरें ले सकते हैं, और डिटेल को ज़्यादा नुकसान पहुंचाए बिना यही इसकी अधिकतम ज़ूम की सीमा भी है। 8MP फ्रंट कैमरा कैजुअल सेल्फी या Instagram अपलोड्स के लिए ठीक है। हालांकि, कई बार HDR समय पर काम नहीं करता। इसके अलावा डिटेल, रंग और डायनामिक रेंज 8MP सेंसर के हिसाब से ठीक-ठाक मिल जाते हैं।






अतिरिक्त फीचर्स में dedicated night mode, 50MP पर तस्वीरें लेने के लिए Hi-Res mode और dual-view video recording mode भी शामिल हैं।
OnePlus Nord CE 6 Lite 5G रिव्यू: बैटरी और चार्जिंग

यही Nord CE6 Lite की सबसे बड़ी ताकत है – 7,000mAh की बैटरी, जिसने मुझे लगातार करीब 9 से 10 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम दिया, और वह भी बिना चूके। सच कहूं तो मैंने इस फोन को टेस्ट करने के अनुसार काफी ज़्यादा इस्तेमाल किया – बेंचमार्क चलाए, कैमरे से सैकड़ों सैंपल लिए, भारी मल्टीटास्किंग की और जितना संभव हुआ हाई रिफ्रेश रेट पर गेमिंग भी की।
हल्के इस्तेमाल में यह फोन इससे भी आगे जा सकता है, और कॉल व मैसेज वाले यूज़र्स के लिए आराम से दो दिन चलने वाला डिवाइस बन सकता है। अपने इस्तेमाल के दौरान मैंने फोन को balanced battery mode में ही रखा, जबकि बैटरी सेटिंग्स में power saving mode और high performance mode का विकल्प भी मिलता है।

OnePlus का यह भी दावा है कि 1,200 full charge cycles के बाद भी बैटरी अपनी 80% क्षमता बनाए रखेगी, जो लगभग चार से पांच साल के इस्तेमाल के बराबर होना चाहिए। फोन के साथ बॉक्स में 45W चार्जर भी मिलता है, जो इस बैटरी को पूरा चार्ज करने के लिए 2 घंटे से कुछ कम समय लेता है। हालांकि ये कुछ अन्य विकल्पों जितना तेज़ नहीं है, लेकिन इस कमी की भरपाई ये बड़ी बैटरी इस कीमत पर करती है।
रिव्यू वर्डिक्ट: क्या आपको OnePlus Nord CE 6 Lite 5G खरीदना चाहिए?
OnePlus Nord CE6 Lite खुद को एक लंबे समय तक चलने वाले, मज़बूत और ज़्यादा महंगा न लगने वाले रोज़मर्रा के साथी के तौर पर पेश करता है। इसकी 7,000mAh बैटरी ने लगातार 9 से 10 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम दिया, MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन और IP64 रेटिंग भरोसा बढ़ाते हैं, और OxygenOS 16 अब भी इस कीमत पर अच्छे सॉफ्टवेयर अनुभवों में गिना जाएगा। बॉक्स में 45W चार्जर और हर बार सही काम करने वाला साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी इसके पक्ष में जाते हैं।
लेकिन इसकी कमियाँ नज़रअंदाज़ करना मुश्किल है। CE4 Lite के AMOLED की जगह यहां LCD पैनल है, जबकि 2026 में Redmi Note 15 5G और Samsung Galaxy M36 5G जैसे विकल्प इसी या कम कीमत पर भी AMOLED दे रहे हैं। कैमरा सेटअप भी पहले से कमज़ोर हुआ है। इसमें न OIS है, न पहले जैसा बड़ा सेंसर। ऊपर से, सिर्फ 2 साल के Android अपडेट्स लंबे इस्तेमाल के हिसाब से कम लगते हैं।
अगर आपके लिए परफॉर्मेंस ज़्यादा अहम है, तो Poco X7 Pro 5G भी इसी कीमत पर बेहतर विकल्प हो सकता है। कैमरे के लिए Moto G96 5G और बड़ी बैटरी के साथ ज़्यादा ब्राइट डिस्प्ले के लिए vivo T5x भी देखने लायक हैं। फिर भी, अगर आपकी पहली ज़रुरत लंबी बैटरी लाइफ, मज़बूत ड्यूरेबिलिटी और साफ-सुथरा सॉफ्टवेयर अनुभव है, तो Nord CE6 Lite ₹20,999 पर अपना वादा पूरा करता है। बस खरीदने से पहले इसमें किये गए समझौते साफ तौर पर जान लेना बेहतर रहेगा।

Smartprix ⭐ रेटिंग: 7.75/10
- डिज़ाइन और बिल्ड: 8.25/10
- डिस्प्ले: 7.5/10
- स्पीकर: 7.25/10
- सॉफ्टवेयर: 7.5/10
- हैप्टिक्स: 7.0/10
- बायोमैट्रिक्स: 8.5/10
- परफॉरमेंस: 7.75/10
- कैमरे: 7.0/10
- बैटरी और लाइफ चार्जिंग: 9/10

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।




































