Image
EXPAND

OnePlus Nord CE6 Review: बैटरी और डिस्प्ले में दम, लेकिन ये बड़ी कमी पड़ सकती है भारी

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share
क्विक वर्डिक्ट

OnePlus Nord CE6 इस बार Nord CE सीरीज़ को थोड़ी अलग दिशा में ले जा रहा है। इसकी 8,000mAh बैटरी शानदार है, Snapdragon 7s Gen 4 रेगुलर इस्तेमाल और BGMI के लिए अच्छा प्रदर्शन करता है, नया 32MP सेल्फी कैमरा बढ़िया रिज़ल्ट देता है, और डिस्प्ले भी मज़बूत है, जिसमें ब्राइट 144Hz AMOLED पैनल मिलता है।

वहीं दूसरी तरफ, यहां कुछ फैसले थोड़े अजीब लगते हैं। रियर कैमरे Nord CE5 के मुकाबले डाउनग्रेड हैं, अल्ट्रा-वाइड कैमरा पूरी तरह हटा दिया गया है, NFC नहीं मिलता, और सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी कम कर दिया गया है। असल में Nord CE5 में बेहतर रियर कैमरा सेटअप और ज़्यादा लम्बा अपडेट कमिटमेंट मिलता था।

खरीदें अगर:

  • आप शानदार बैटरी लाइफ और फास्ट चार्जिंग चाहते हैं।
  • आपको ब्राइट AMOLED डिस्प्ले और अच्छी आउटडोर विज़िबिलिटी चाहिए।
  • आप मज़बूत ड्यूरेबिलिटी रेटिंग्स और अच्छी बिल्ड क्वॉलिटी चाहते हैं।
  • आप OxygenOS और स्मूद रोज़मर्रा की परफॉर्मेंस पसंद करते हैं।

न खरीदें अगर::

  • आप मज़बूत रियर कैमरे चाहते हैं।
  • आपको अल्ट्रा-वाइड कैमरे की ज़रूरत है।
  • लॉन्ग-टर्म सॉफ्टवेयर सपोर्ट आपके लिए बहुत मायने रखता है।
  • आपको इसी कीमत में Nord 5 या vivo T5 Pro मिल सकता है।

Nord CE लाइनअप आमतौर पर परफॉर्मेंस, बैटरी लाइफ और सॉफ्टवेयर के बीच संतुलन बनाने पर फोकस करता आया है, और इसकी कीमतें भी मुख्य Nord सीरीज़ से थोड़ी कम रखी जाती हैं। Nord CE5 ने यह फॉर्मूला काफी हद तक सही निभाया था, उसमें एक बेहतर और सक्षम Dimensity चिपसेट, ठीक-ठाक कैमरे और उम्मीद से बेहतर सॉफ्टवेयर सपोर्ट मिला था।

Nord CE6 इस बार उस अप्रोच को काफी बदल देता है। OnePlus ने साफ तौर पर बैटरी लाइफ और ड्यूरेबिलिटी पर ज़्यादा जोर दिया है। अब यहां 8,000mAh की बड़ी बैटरी, स्टीरियो स्पीकर्स, X-एक्सिस लीनियर मोटर, मज़बूत IP रेटिंग्स, ज़्यादा ब्राइट 144Hz AMOLED डिस्प्ले और पहले के CE फोनों से बेहतर दिखने वाला क्लीन नया डिज़ाइन मिलता है।

OnePlus Nord CE6

लेकिन इसके साथ कुछ साफ समझौते भी साफ दिख रहे हैं। अल्ट्रा-वाइड कैमरा पूरी तरह से गायब है और उसकी जगह 2MP डेप्थ सेंसर ने ली है। प्राइमरी सेंसर भी पहले से छोटा है, अपडेट सपोर्ट Nord CE5 के मुकाबले पीछे चला गया है, और NFC भी नहीं मिलता।

तो सवाल सीधा ये है कि क्या Nord CE6 अब भी एक संतुलित पैकेज है, या OnePlus ने बैटरी पर इतना ज़्यादा फोकस कर दिया कि बाकी जगहें कमज़ोर पड़ गईं? दो हफ्ते इस्तेमाल करने के बाद, इन्हीं सब सवालों का जवाब मैं यहां इस रिव्यू द्वारा देने की कोशिश कर रही हूँ।

OnePlus Nord CE6 की कीमत और उपलब्धता

OnePlus Nord CE6 भारत में दो कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध है:

  • 8GB + 128GB: ₹29,999
  • 8GB + 256GB: ₹31,999

कलर ऑप्शन्स में नीला (Fresh Blue), सफेद (Lunar Pearl) और काला (Pitch Black) रंग शामिल हैं। यह Amazon और OnePlus.in पर उपलब्ध है।

फायदे (Pros)

  • बड़ी 8,000mAh बैटरी
  • ब्राइट 144Hz 1.5K AMOLED डिस्प्ले
  • स्मूद OxygenOS 16 का अनुभव
  • ऑटोफोकस के साथ अच्छा सेल्फी कैमरा
  • 80W चार्जिंग + बायपास चार्जिंग
  • IP66/68/69/69K रेटिंग्स
  • अच्छे स्टीरियो स्पीकर्स
  • X-एक्सिस लीनियर मोटर
  • BGMI के दौरान स्थिर थर्मल्स
  • 8,000mAh बैटरी वाले फोन के हिसाब से काफी स्लिम

कमियां (Cons)

  • Nord CE5 के मुकाबले रियर कैमरे डाउनग्रेड किया गया है
  • अल्ट्रा-वाइड कैमरा नहीं
  • NFC सपोर्ट नहीं
  • सिर्फ 2 बड़े OS अपडेट और 4 साल का सिक्योरिटी सपोर्ट
  • लो-लाइट फोटोज़ में AI की ज़्यादा स्मूदिंग
  • USB 2.0 पोर्ट
  • गेमिंग परफॉर्मेंस ठीक-ठाक है, लेकिन सेगमेंट में सबसे बेहतर नहीं

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: अनबॉक्सिंग

OnePlus Nord CE6 unboxing

बॉक्स के अंदर आपको OnePlus Nord CE6, 80W SUPERVOOC चार्जर, USB-A से USB-C केबल, फोन के रंग से मैच करता हुआ प्रोटेक्टिव केस, SIM इजेक्टर टूल, ज़रूरी डॉक्यूमेंटेशन और पहले से लगा हुआ स्क्रीन प्रोटेक्टर मिलता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: डिज़ाइन और बिल्ड

OnePlus Nord CE6

OnePlus Nord CE6 ने डिज़ाइन के मामले में मुझे सच में थोड़ा चौंकाया। कागज़ पर यह 8,000mAh बैटरी वाला फोन है, इसलिए उम्मीद थी कि यह बहुत ज़्यादा भारी या असुविधाजनक लगेगा, लेकिन OnePlus ने यहां वेट डिस्ट्रीब्यूशन काफी अच्छी तरह संभाला है। 215 ग्राम वज़न और 8.5mm मोटाई के साथ यह छोटा फोन तो नहीं है, लेकिन रोज़मर्रा के इस्तेमाल में असहज भी नहीं लगता।

समय के साथ इसका डिज़ाइन मुझे और ज़्यादा पसंद आने लगा, खासकर Fresh Blue कलर वेरिएंट। यह सफेद (Lunar Pearl) और काले (Pitch Black) रंग में भी आता है, लेकिन Blue वेरिएंट का रिफ्लेक्टिव फिनिश और नीचे की हल्की टेक्सचरिंग इसे रेंडर्स से कहीं बेहतर दिखाती है।

OnePlus Nord CE6

OnePlus इसे “Dynamic 3D Luminous Border” कहता है। मार्केटिंग नाम थोड़ा बड़ा लग सकता है, लेकिन असल लुक मॉडर्न और साफ-सुथरा है। दो बड़े सर्कुलर कटआउट्स और साइड में फ्लैश वाला कैमरा मॉड्यूल भी काफी सादा, लेकिन अच्छा दिखता है।

फोन में प्लास्टिक फ्रेम और प्लास्टिक बैक मिलते हैं, जो इतनी बड़ी बैटरी को देखते हुए समझ में आता है। फिर भी इन-हैंड फील ठोस है। कहीं कोई क्रीकिंग नहीं है, बटन ढीले नहीं लगते, फ्लैट एजेस और मैट टेक्सचर वाला फ्रेम इसे मज़बूत एहसास देते हैं।

OnePlus Nord CE6

ड्यूरेबिलिटी के मामले में भी यह Nord CE5 से बड़ा अपग्रेड है। इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग्स के साथ MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिलता है। यानी धूल, पानी, हाई-प्रेशर वॉटर जेट्स और आकस्मिक गिरने जैसी स्थितियों के लिए यह बेहतर तैयार है। फ्रंट पर OnePlus का Crystal Guard प्रोटेक्शन भी मिलता है।

दायीं तरफ पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। उनकी पोज़िशन थोड़ी ऊपर है, लेकिन इसकी आदत जल्दी पड़ जाती है। बटन क्लिकी और टैक्टाइल हैं, और वॉल्यूम एडजस्ट करते समय हैप्टिक फीडबैक भी मिलता है, जो अनुभव को थोड़ा ज़्यादा प्रीमियम बनाता है।

OnePlus Nord CE6

नीचे डुअल नैनो सिम ट्रे, USB Type-C 2.0 पोर्ट, माइक्रोफोन और प्राइमरी स्पीकर हैं, जबकि ऊपर IR ब्लास्टर और सेकेंडरी माइक्रोफोन मिलता है। इस बार डुअल स्टीरियो स्पीकर्स भी दिए गए हैं, जो Nord CE5 के सिंगल स्पीकर सेटअप के मुकाबले बड़ा अपग्रेड हैं।

कमियां भी हैं। यहां माइक्रो एसडी कार्ड स्लॉट नहीं है और NFC भी गायब है, जो इस कीमत पर निराश करता है। NFC तो अब इससे सस्ते फोनों में भी मिल जाता है। बाकी कनेक्टिविटी अच्छी रही – टेस्टिंग के दौरान Jio 5G भरोसेमंद चला, नेटवर्क रिसेप्शन स्थिर रहा और कॉल क्वालिटी भी ठीक थी। ब्लूटूथ कोडेक सपोर्ट भी मज़बूत है, जिसमें LDAC, LHDC 5.0, aptX, aptX HD, aptX Adaptive, AAC और SBC शामिल हैं।

कुल मिलाकर, Nord CE6 बैटरी साइज़ और इस्तेमाल करने के तरीके के बीच अच्छा संतुलन बनाता है। इसका डिज़ाइन मॉडर्न है, Fresh Blue वेरिएंट आकर्षक है, ड्यूरेबिलिटी शानदार है, और इतनी बड़ी बैटरी वाले फोन के लिए इसका इन-हैंड फील उम्मीद से बेहतर निकलता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: डिस्प्ले

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

सच कहूं तो Nord CE6 का डिस्प्ले इसके मज़बूत पहलुओं में से एक है। इसमें 6.78-इंच का 1.5K LTPS AMOLED पैनल मिलता है, जिसका रेज़ॉल्यूशन 2772 x 1272, पिक्सल डेंसिटी 450ppi, 10-बिट कलर सपोर्ट और 100% DCI-P3 कवरेज है। असल इस्तेमाल में यह अपने सेगमेंट के लिए वाकई बहुत अच्छा डिस्प्ले लगता है।

पैनल 144Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है, हालांकि रोज़मर्रा के सिस्टम यूज़ में यह ज़्यादातर 60Hz, 90Hz और 120Hz के बीच स्विच करता है। पूरा 144Hz मोड मुख्य रूप से सपोर्टेड गेम्स में मिलता है। Subway Surfers, Clash Royale, Brawl Stars जैसे कुछ गेम्स यहां 144FPS तक चल सकते हैं। स्क्रॉलिंग स्मूद लगती है, एनिमेशन फ्लुइड हैं, और OxygenOS भी हाई रिफ्रेश रेट का अच्छा फायदा उठाता है।

ब्राइटनेस भी इसकी बड़ी ताकत है। डिस्प्ले 800 निट्स मैनुअल ब्राइटनेस, 1800 निट्स HBM और 3600 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। आउटडोर विज़िबिलिटी शानदार है और तेज़ धूप में भी स्क्रीन पढ़ने में दिक्कत नहीं होती। OnePlus यहां “Sunburst HDR” तकनीक भी इस्तेमाल कर रहा है, जो आउटडोर कॉन्ट्रास्ट और विज़िबिलिटी बेहतर बनाने में मदद करती है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

कलर्स भी अच्छे हैं। सेटिंग्स में Natural, Vivid और Adaptive प्रोफाइल मिलते हैं, ताकि आप अपनी पसंद के हिसाब से ट्यून कर सकें। AMOLED पैनल की वजह से ब्लैक्स गहरे दिखते हैं, मीडिया देखना अच्छा लगता है, बेज़ल्स काफी स्लिम हैं और पंच-होल कटआउट भी ज़्यादा बड़ा नहीं है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

टच रिस्पॉन्स भी इसकी एक हाइलाइट है। Nord CE6 में समर्पित Touch Reflex Chip के साथ 3200Hz तक instantaneous touch sampling मिलती है। गेमिंग के दौरान, खासकर BGMI में, टच लेटेंसी कम महसूस होती है और इनपुट्स जल्दी रजिस्टर होते हैं। Aqua Touch 2.0 भी दिया गया है, इसलिए गीली या चिकनी उंगलियों के साथ भी स्क्रीन रिस्पॉन्ड करती रहती है।

OnePlus ने eye comfort पर भी ध्यान दिया है। डिस्प्ले 3840Hz PWM डिमिंग सपोर्ट करता है, जो कम ब्राइटनेस पर आंखों का तनाव घटाने में मदद करता है। इसके साथ Eye Comfort mode, Bedtime mode, Night mode, white point reduction, स्क्रीन कलर टेम्परेचर कंट्रोल, ऑटो और मैन्युअल ब्राइटनेस एडजस्टमेंट और एक्स्ट्रा डिमिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। रात में यह स्क्रीन काफ़ी डिम हो सकती है, जो लेट-नाइट यूज़ में राहत देती है।

बस एक बात ध्यान रखने वाली है, यह LTPS पैनल है, LTPO नहीं, इसलिए यहां ट्रू ऑल्वेज़-ऑन डिस्प्ले नहीं मिलता। इसके बावजूद, इस कीमत पर यह एक बहुत मज़बूत डिस्प्ले है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: स्पीकर और हैप्टिक्स

Nord CE6 में स्टीरियो स्पीकर सेटअप मिलता है, जो Nord CE5 के सिंगल बॉटम स्पीकर के मुकाबले बड़ा अपग्रेड है। स्पीकर्स काफ़ी लाउड हैं, और 300% वॉल्यूम बूस्ट मोड भी मिलता है। हालांकि, इसे ऑन करने पर आवाज़ बहुत तेज़ हो जाती है, लेकिन साउंड क्वॉलिटी और क्लैरिटी में साफ गिरावट महसूस होती है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

फोन में OReality Audio के साथ LDAC, LHDC 5.0, aptX Adaptive, aptX HD, AAC और SBC जैसे हाई-क्वॉलिटी ब्लूटूथ कोडेक का सपोर्ट भी है। वायरलेस ऑडियो क्वालिटी अच्छी रही और टेस्टिंग के दौरान ईयरबड्स के साथ कोई कनेक्टिविटी दिक्कत नहीं आई।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

हैप्टिक्स भी CE5 के मुकाबले काफी बेहतर हुए हैं। पुराने मॉडल का सामान्य वाइब्रेशन मोटर सस्ता महसूस होता था, जबकि Nord CE6 में अब X-axis linear motor मिलता है। इसके साथ O-Haptics सपोर्ट भी है, इसलिए पूरे सिस्टम में हैप्टिक इंटीग्रेशन अच्छा महसूस होता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: सॉफ्टवेयर

OOS16

OnePlus Nord CE6 में Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 मिलता है, और यही अब भी इस फोन को खरीदने की ये सबसे मज़बूत वजहों में से एक है। रोज़मर्रा के इस्तेमाल में यह स्मूद, तेज़ और रिस्पॉन्सिव लगता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

एनिमेशन फ्लुइड हैं, ऐप्स जल्दी खुलते हैं और UFS 3.1 स्टोरेज की वजह से मल्टीटास्किंग भी अच्छी रहती है। यह फ्लैगशिप OnePlus फोन नहीं है, लेकिन OxygenOS का फेमिलिअर पॉलिश यहां तब भी महसूस होता है।

जहां निराशा होती है, वह है सॉफ्टवेयर सपोर्ट। Nord CE6 को सिर्फ 2 साल के Android अपडेट्स और 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट्स मिलते हैं, जबकि Nord CE5 को 4 + 5 साल का सपोर्ट मिलता था। इस कीमत पर यह कटौती साफ महसूस होती है।

कस्टमाइजेशन अच्छी है। One Sans और Roboto जैसे फॉन्ट्स, आइकॉन पैक, आइकन शेप और साइज़, फिंगरप्रिंट अनलॉक एनीमेशन, आइकन के रंग, और Flux Theme 2.0 के साथ लॉक स्क्रीन कस्टमाइज़ेशन व Nord 6 जैसे वॉलपेपर इफ़ेक्ट मिलते हैं।

लेकिन कुछ विज़ुअल फीचर हटा दिए गए हैं, जैसे लॉक स्क्रीन से AOD तक प्रॉपर ट्रांज़िशन एनीमेशन नहीं है, Always-On Display काफी बेसिक है, और ऐप खुलने या बंद होने के दौरान ब्लर इफ़ेक्ट भी नहीं मिलता, जबकि control center और notification shade में ब्लर अब भी मौजूद है।

इसके बावजूद OxygenOS के कई उपयोगी फीचर्स यहां मिलते हैं, जैसे Live Alerts, Circle to Search, floating windows, split-screen multitasking, gaming overlays, smart sidebar, quick launch gestures और Zen Space।

थोड़ा ब्लोटवेयर भी है, जैसे Facebook, Spotify, LinkedIn, Netflix, Instagram, और OnePlus के अपने ऐप्स, इंटरनेट ब्राउज़र, लॉक स्क्रीन पर glance, Community व आईआर रिमोट जैसे ऐप्स पहले से इंस्टॉल मिलते हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से ज़्यादातर को disable किया जा सकता है या उनकी नोटिफिकेशन बंद की जा सकती हैं। IR blaster भी सच में काम का है और TV, AC जैसे एप्लायंस कंट्रोल करने में ठीक काम करता है।

OnePlus AI फीचर

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

Mind Space को छोड़ दें तो Nord CE6 में Nord 6 वाले ज़्यादातर OnePlus AI फीचर्स मिल जाते हैं।

Photos ऐप में AI Eraser, AI Reflection Eraser, AI Recompose, AI Perfect Shot, AI Detail Boost, AI Portrait Glow और AI Unblur जैसे टूल्स हैं। AI VoiceScribe ऑडियो को रिकॉर्ड, ट्रान्स्क्राइब, सम्माराइज़, और ट्रांसलेट कर सकता है।

Recorder ऐप में AI summaries और smart transcripts मिलते हैं, Notes ऐप में AI formatting, summaries और mind map generation मिलता है। इसके अलावा AI Speak, AI Writer, AI Summary, AI Translate और Google Gemini integration भी मौजूद हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से ज़्यादातर फीचर्स ठीक काम करते हैं और सिस्टम में सामान्य तरीके से इंटेग्रेट हुए लगते हैं।

कुल मिलाकर, OxygenOS 16 यहां अब भी समुद्द और ढेरों अच्छे फीचरों का अनुभव देता है। कम किया गया सॉफ्टवेयर सपोर्ट और हटाए गए विज़ुअल टच निराश करते हैं, लेकिन रोज़मर्रा में अब भी यूज़ेबिलिटी काफी अच्छी बनी रहती है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: परफॉरमेंस

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

Nord CE6 की परफॉर्मेंस कुल मिलाकर अच्छी है और Snapdragon 7s Gen 4 से जितनी उम्मीद होती है, उसके काफी करीब रहती है। फोन में Qualcomm का Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट, Adreno 810 GPU, LPDDR4X RAM और UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। मेरे पास 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट था।

यह चिपसेट इस कीमत पर एक अच्छा परफॉर्मर है। रोज़मर्रा के इस्तेमाल में फोन स्मूद चलता है, ऐप्स जल्दी खुलते हैं, मल्टीटास्किंग अच्छी रहती है और बैकग्राउंड ऐप मैनेजमेंट भी ठीक है। सोशल मीडिया ऐप्स, Chrome टैब्स, कैमरा प्रोसेसिंग, YouTube और सामान्य मल्टीटास्किंग के दौरान कोई बड़ी सुस्ती महसूस नहीं होती।

OnePlus Nord CE6

UFS 3.1 स्टोरेज की वजह से OxygenOS का तेज़ और रिस्पॉन्सिव व्यवहार भी बना रहता है। ऐप इंस्टॉल, फाइल ट्रांसफर और गेम लोडिंग टाइम में भी कोई खास धीमापन महसूस नहीं होता है।

बेंचमार्क OnePlus Nord CE6 (Snapdragon 7s Gen 4)vivo T5 Pro (Snapdragon 7s Gen 4)
AnTuTu Score11331231161368
Storage (Score, Sequential Read Speed, Write Speed)Score: 100306; Sequential Read: 1987 MB/s; Sequential Write: 1799 MB/sScore: 107666; Sequential Read: 2027 MB/s; Sequential Write: 1885 MB/s
Geekbench 6 CPU (Single-Core, Multi-Core)Single-Core: 1147; Multi-Core: 3287Single-Core: 1216; Multi-Core: 3177
Geekbench 6 GPU (OpenCL, Vulkan)OpenCL: 3566; Vulkan: 4675OpenCL: 3499; Vulkan: 4602
3DMark Wildlife Extreme (Score, Avg FPS)Score: 1111; Avg FPS: 6.65Score: 1142; Avg FPS: 6.84
3DMark Wildlife Extreme Stress Test (Best Loop, Lowest Loop, Stability)Best Loop: 1120; Lowest Loop: 1111; Stability: 99.2%Best Loop: 1130; Lowest Loop: 1119; Stability: 99%

गेमिंग की बात करें तो BGMI और इसी तरह के अन्य प्रतियोगी गेम्स के लिए परफॉर्मेंस अच्छी है। BGMI में 90FPS तक सपोर्ट मिलता है, और टेस्टिंग के दौरान फोन आमतौर पर करीब 80FPS के आसपास काफी स्थिर रहा। लंबे सेशंस में तापमान लगभग 38 से 40°C के बीच रहता है। फोन में 5000mm² वेपर चैम्बर कूलिंग सिस्टम और ग्रेफाइट कूलिंग लेयर भी दी गई हैं, जो थर्मल मैनेजमेंट में मदद करती हैं।

यहां Trinity Game Zone फीचर्स भी मिलते हैं, जिनमें गेमिंग टूल्स, नोटिफिकेशन ब्लॉकिंग, टच ऑप्टिमाइज़ेशन, फ्रेम इन्टरपोलेशन विकल्प, बायपास चार्जिंग और नेटवर्क ऑप्टिमाइज़ेशन शामिल हैं।

Genshin Impact और Wuthering Waves जैसे भारी गेम्स में चिपसेट की सीमाएं ज़्यादा साफ दिखती हैं। इन्हें मीडियम सेटिंग्स पर आराम से खेला जा सकता है, लेकिन जहां सीन ज़्यादा डिमांड करते हैं, वहाँ स्टटर और फ्रेम ड्रॉप साफ दिखते हैं। इन गेम्स में औसत फ्रेम रेट आमतौर पर 30 से 40FPS के बीच रहता है। तापमान थोड़ा और बढ़ता है, लेकिन ओवरहीटिंग जैसी बड़ी समस्या यहां नहीं दिखती।

यह फोन फ्लैगशिप स्तर की गेमिंग के लिए नहीं बना है। इसकी असली ताकत अच्छी रोज़मर्रा की परफॉरमेंस, कैज़ुअल गेमिंग और बैटरी एफिशिएंसी में है। BGMI, COD Mobile, Free Fire और रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए यह अच्छी तरह काम करता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: कैमरे

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

OnePlus Nord CE6 का कैमरा सेटअप थोड़ा मिला-जुला अनुभव देता है। OnePlus ने Nord CE5 के मुकाबले रियर सेटअप को डाउनग्रेड किया है। अल्ट्रा-वाइड कैमरा हटा दिया गया है और उसकी जगह 2MP डेप्थ सेंसर दिया गया है। मेन कैमरा अब छोटा 50MP OV50D40 सेंसर (1/2.88-इंच, f/1.8, PDAF, ड्यूल-एक्सिस OIS) के साथ आता है।

वहीं सेल्फी कैमरे में बड़ा अपग्रेड मिलता है। यह एक 32MP ऑटोफोकस सेंसर है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग भी सपोर्ट करता है।

प्राइमरी कैमरा

अच्छी रोशनी में प्राइमरी कैमरा ठीक-ठाक प्रदर्शन करता है। तस्वीरों में डिटेल सही रहती है, रंग अच्छे लगते हैं और बैलेंस्ड लाइट में डायनामिक रेंज भी संतुलित रहती है। OnePlus की प्रोसेसिंग थोड़ा वाइब्रेंट आउटपुट देती है, जो सोशल मीडिया के लिए तुरंत अच्छा लगता है।

कैमरा 1X पर सबसे अच्छा काम करता है। तस्वीरें शार्प दिखती हैं, वाइट बैलेंस स्थिर रहता है और HDR आसान सीन में ठीक काम करता है। OIS की वजह से फोटो और वीडियो में स्थिरता भी मिलती है।

लेकिन मुश्किल हालात में छोटे सेंसर की कमी दिखती है। तेज़ धूप, बैकलाइट, इनडोर लाइटिंग या नीयॉन लाइट्स में हाइलाइट्स उड़ सकते हैं और HDR हमेशा सही नहीं रहता।

लो-लाइट में दिक्कतें और साफ हो जाती हैं। फोन नॉइज़ कम करने की कोशिश करता है, लेकिन इससे डिटेल कम हो जाती है और तस्वीरें स्मूद दिखने लगती हैं।

2X के बाद कैमरा AI प्रोसेसिंग पर ज़्यादा निर्भर हो जाता है। 4X या उससे ऊपर डिटेल जल्दी गिरती है और किनारे आर्टिफिशियल लगने लगते हैं। 5X–10X पर तस्वीरें काफी सॉफ्ट हो जाती हैं।

पोर्ट्रेट

अच्छी रौशनी में पोर्ट्रेट मोड ठीक काम करता है। सब्जेक्ट अलग करने की क्षमता ठीक है और स्किन टोन भी काफी हद तक नेचुरल रहती है। हालांकि बालों या चश्मे के आसपास कभी-कभी कटिंग गड़बड़ हो सकती है। बेहतर रिजल्ट के लिए 1.2X या 35mm के आसपास शूट करना पड़ता है।

सेल्फी कैमरा

यह इस फोन की सबसे मज़बूत खूबियों में से एक है। 32MP ऑटोफोकस कैमरा Nord CE5 के फ्रंट कैमरा से साफ बेहतर है।

सेल्फी में डिटेल अच्छी मिलती है, स्किन टोन नेचुरल लगती है और ऑटोफोकस की वजह से फोटो और वीडियो दोनों में सब्जेक्ट शार्प रहता है। मूवमेंट के दौरान भी फोकस सही एडजस्ट होता है।

21 mm का वाइड-एंगल फ्रेम में ज़्यादा लोगों को फिट करने में मदद करता है। सेल्फी वीडियो स्थिर लगते हैं, HDR ठीक काम करता है और लो-लाइट सेल्फी भी इस सेगमेंट के हिसाब से इस्तेमाल लायक हैं।

वीडियो

फोन फ्रंट और रियर दोनों से 4K 30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है। मेन कैमरे में OIS और EIS मिलकर स्टेबिलाइज़ेशन संभालते हैं। दिन में वीडियो क्वॉलिटी साफ रहती है, रंग स्थिर रहते हैं और डायनामिक रेंज ठीक है।

लो-लाइट वीडियो में क्वॉलिटी गिरती है। नॉइज़ बढ़ जाता है, डिटेल कम हो जाती है और एक्सपोज़र थोड़ा बदलता रहता है।

कुल मिलाकर, Nord CE6 का कैमरा रोज़मर्रा की फोटोग्राफी और सोशल मीडिया के लिए ठीक है, लेकिन यह कैमरा-केंद्रित फोन नहीं है। अगर कैमरा आपकी प्राथमिकता है, तो vivo T5 Pro या Nord 5 जैसे विकल्प ज़्यादा बेहतर साबित हो सकते हैं।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू: बैटरी लाइफ और चार्जिंग

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

OnePlus Nord CE6 की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। इसमें 8,000mAh की बड़ी बैटरी मिलती है, और रोज़मर्रा के इस्तेमाल जैसे सोशल मीडिया, YouTube, ब्राउज़र, कैमरा, मैसेजिंग, नेविगेशन और थोड़ी गेमिंग में मुझे लगातार 13 से 14 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम मिला। भारी इस्तेमाल में भी दिन के अंत तक काफी बैटरी बच जाती है। यह ऐसा फोन है जिसमें बैटरी की चिंता लगभग खत्म हो जाती है।

चार्जिंग भी बैटरी के हिसाब से अच्छी है। फोन 80W SUPERVOOC (55W PPS) चार्जिंग सपोर्ट करता है और चार्जर बॉक्स में ही मिलता है। 8,000mAh बैटरी को फुल चार्ज होने में करीब 1 घंटा 5 मिनट लगता है।

OnePlus Nord CE6 रिव्यू

फोन में बायपास चार्जिंग भी है, जो गेमिंग के दौरान काफी काम आती है क्योंकि इसमें पावर सीधे सिस्टम को मिलती है और बैटरी पर कम दबाव पड़ता है।

इसके अलावा 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग भी मिलती है, जिससे आप इमरजेंसी में दूसरे डिवाइस या एक्सेसरीज़ चार्ज कर सकते हैं, हालांकि हर बार पूरी 27W स्पीड नहीं मिलती।

रिव्यू वर्डिक्ट: क्या आपको OnePlus Nord CE6 खरीदना चाहिए?

OnePlus Nord CE6 थोड़ा कन्फ्यूज़ करने वाला फोन है, क्योंकि यह कई जगह सुधार करता है, लेकिन कुछ अहम चीज़ों में पीछे भी जाता है। बैटरी लाइफ शानदार है, डिस्प्ले बहुत अच्छा है, OxygenOS स्मूद और फीचर-रिच है, ड्यूरेबिलिटी काफी बेहतर हुई है, स्पीकर्स और हैप्टिक्स अच्छे हैं, और सेल्फी कैमरा भी इस कीमत पर काफी बेहतरीन है।

वहीं दूसरी तरफ, रियर कैमरा Nord CE5 के मुकाबले साफ पीछे चला गया है। अल्ट्रा-वाइड कैमरा हटाना निराश करता है, मेन सेंसर छोटा हो गया है, सॉफ्टवेयर सपोर्ट कम हो गया है और NFC भी नहीं मिलता। करीब ₹30,000 की कीमत पर ये समझौते नजरअंदाज़ करना मुश्किल हैं।

फिर भी, अगर आपकी प्राथमिकता बैटरी लाइफ, ड्यूरेबिलिटी, गेमिंग, डिस्प्ले और स्मूद सॉफ्टवेयर है, तो Nord CE6 काफी हद तक सही बैठता है (ऑफर्स के बाद करीब ₹28,000 पर)। 8,000mAh बैटरी रोज़मर्रा का अनुभव बदल देती है, और इतनी बड़ी बैटरी के बावजूद फोन इस्तेमाल में आरामदायक रहता है।

लेकिन अगर आपके लिए कैमरा और लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट ज़्यादा ज़रूरी है, तो Nord 5 (अगर उपलब्ध हो), vivo T5 Pro या इस रेंज के अन्य विकल्प ज़्यादा बेहतर साबित होंगे।

Smartprix ⭐ रेटिंग : 8.3/10

  • डिज़ाइन और बिल्ड : 8.5/10  
  • डिस्प्ले : 8.5/10  
  • स्पीकर: 8.5/10  
  • सॉफ्टवेयर: 8.5/10  
  • हैप्टिक्स: 8.5/10  
  • बायोमैट्रिक्स: 8.5/10  
  • परफॉरमेंस: 8.5/10  
  • कैमरे: 6.5/10  
  • बैटरी और चार्जिंग: 9/10

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageRealme 16T में क्या है खास? बड़ी बैटरी, दमदार रेटिंग और सेल्फी मिरर के साथ आया फोन

Realme ने भारत में अपनी Realme 16 सीरीज़ का नया फोन Realme 16T लॉन्च कर दिया है। यह इस सीरीज़ का चौथा मॉडल है, जिसमें पहले से Realme 16 5G, Realme 16 Pro और Realme 16 Pro Plus शामिल हैं। खास बात यह है कि Realme 16T इस लाइनअप का सबसे किफायती फोन भी है, …

ImageOnePlus Nord CE6 Lite रिव्यू: बैटरी ने जीता दिल, लेकिन डिस्प्ले पर अटक सकती है बात

Nord CE Lite सीरीज़ दो साल बाद लौटी है, इसलिए OnePlus के लिए यह वापसी काफी अहम है। Nord CE4 Lite, Amazon India Great Indian Festival 2024 सेल में अपने सेगमेंट के सबसे ज़्यादा बिकने वाले Android फोनों में शामिल था, इसलिए इस नए मॉडल पर उम्मीदें पहले से ही काफी बड़ी हैं। ₹20,999 की …

ImageOnePlus Nord CE6 और CE6 Lite लॉन्च: 8000mAh बैटरी, 144Hz डिस्प्ले और कीमत जानें

OnePlus ने आज भारत में अपने नए OnePlus Nord CE6 और Nord CE6 Lite स्मार्टफोन लॉन्च कर दिए हैं। Nord CE6 में पिछले मॉडल के मुकाबले कई अपग्रेड दिए गए हैं, हालांकि चिपसेट के मामले में यह थोड़ा अलग रास्ता अपनाता है। वहीं, Nord CE6 Lite के साथ कंपनी ने Lite सीरीज़ की वापसी कराई …

ImageOnePlus ला रहा है 2 नए सस्ते फोन, Nord CE6 सीरीज़ में मिलेगी बड़ी बैटरी और दमदार फीचर्स

OnePlus ने Nord 6 लॉन्च करने के बाद अब अपने लाइन-अप को और बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने कन्फर्म किया है कि 7 मई को OnePlus Nord CE6 और Nord CE6 Lite पेश किए जाएंगे। इस बार सबसे ज़्यादा ध्यान CE6 Lite पर है, क्योंकि यह करीब दो साल बाद वापसी कर रहा …

ImageOnePlus Nord CE 6 Vs Vivo T5 Pro: दोनों की कीमत बराबर, लेकिन कौन देता है बेहतर फायदा?

₹30,000 के आसपास नया फोन खरीदना इस समय थोड़ा उलझन वाला काम हो गया है। हाल ही में इस बजट में दो पॉपुलर फोन लॉन्च हुए हैं। एक तरफ OnePlus Nord CE 6 है, जो बड़ी बैटरी, साफ सॉफ्टवेयर अनुभव और मज़बूत बॉडी के साथ आता है। दूसरी तरफ Vivo T5 Pro है, जो और …

Discuss

Be the first to leave a comment.