सितंबर का महीना खासतौर से iPhones के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार यानी सितंबर 2026 में आपको नए iPhone 18 सीरीज़ के अलावा और भी कई अच्छे फोन देखने को मिलने वाले हैं।
सितम्बर 2026 में जहां एक तरफ Apple का सालाना इवेंट है। वहीँ दूसरी तरफ ₹25,000 के आसपास वाले फोनों में बैटरी सीधे 10,000mAh पर पहुंच रही है। दो साल पहले तक ये आंकड़ा पावर बैंकों की पैकिंग पर छपता था। अब यही नंबर मिड-रेंज फोनों के टीज़र पोस्टर पर छप रहा है।
साथ में एक बात और है। मेमोरी चिप की किल्लत ने इस साल लगभग हर कंपनी के फोनों के दाम बढ़ा दिए हैं, और सितंबर में आ रहे कई फोन अपने पिछले मॉडल से हज़ारों रुपये ऊपर आएंगे। बड़ी बैटरी और बढ़ी हुई कीमत, दोनों एक ही महीने में आपके सामने आने वाली हैं।
iPhone 18 सीरीज़ के अलावा, इस महीने में आपको Redmi Note 17 Pro सीरीज़ जैसे मिड-रेंज और Galaxy S26 FE जैसे फ्लैगशिप किलर भी देखने को मिलेंगे। आइये जानते हैं सितंबर 2026 में आने वाले स्मार्टफोन (Upcoming Smartphones in September 2026) की सूची में कौन कौन से फोन शामिल हैं।
ये पढ़ें: अगस्त 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in August 2026 in India
सितंबर 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in September 2026
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max हर बार की तरह इस बार भी सितंबर में ही आ रहे हैं। लेकिन इस बार बेस मॉडल iPhone 18 इनके साथ नहीं आएगा। Apple ने अपनी पूरी रणनीति बदल दी है, और रिपोर्ट्स के अनुसार iPhone 18, iPhone 18e तथा iPhone Air 2, तीनों अब मार्च 2027 के आसपास दस्तक देंगे। यानी सितंबर वाला इवेंट पूरी तरह Pro मॉडलों के नाम रहेगा। हालांकि लॉन्च डेट पर कंपनी की मुहर लगनी बाकी है।
पिछले छह में से पाँच साल Apple ने अपना iPhone इवेंट सितंबर के दूसरे हफ्ते में ही किया है, और इस साल भी इस इवेंट के लिए 9 सितंबर के आसपास की चर्चा तेज़ है। वहीँ दूसरी रिपोर्ट कहती हैं कि तारीख एक हफ्ता आगे भी सरक सकती है।
इन सभी मॉडलों में नया A20 Pro प्रोसेसर मिलेगा, जो पिछली A19 Pro के मुकाबले 18% तक तेज़ और 30% तक ज़्यादा पावर-एफिशिएंट बताया जा रहा है।
इसके अलावा सबसे बड़ा बदलाव एक और भी हो सकता है। इसी मंच पर Apple का पहला फोल्डेबल फोन भी पेश किये जाने के आसार हैं, जिसका नाम iPhone Ultra होने की खबर है। शुरुआती टेस्टरों को इसका हिंज और डिस्प्ले पसंद आया, पर इसमें टेलीफोटो कैमरा नहीं है। शुरुआत में इसकी सप्लाई बहुत सीमित रहेगी, इसलिए भारत में ये पहले दिन से मिलेगा, इसकी उम्मीद कम रखिए।
Samsung Galaxy S26 FE

Samsung Galaxy S26 FE का इवेंट 27 अगस्त को है, लेकिन भारत में आपको ये फोन सितंबर 2026 में ही खरीदने को मिलेगा। कंपनी ने इस इवेंट का समय भारत के लिए शाम 5:30 बजे रखा है।
इसमें सबसे बड़ा बदलाव सॉफ्टवेयर में हुआ है। ये फोन सीधे Android 17 और One UI 9 पर चलेगा, यानी सॉफ्टवेयर के मामले में आपको ये फोन अपनी ही फ्लैगशिप S26 सीरीज़ से एक कदम आगे मिलेगा, जो Android 16 पर लॉन्च हुई थी।
बाकी हार्डवेयर में पिछले मॉडल जैसा ही फॉर्मूला दिखता है। इसमें 6.7-इंच का AMOLED पैनल दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और फुल-HD+ रेज़ॉल्यूशन के साथ आएगा। इसके साथ Exynos 2500 प्रोसेसर और 8GB रैम मिलेगी। वहीँ स्टोरेज आपको 128GB और 256GB, दो विकल्पों में मिलेगी।
फोटोग्राफी के लिए, इसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर, 12MP का अल्ट्रावाइड और 3x ऑप्टिकल ज़ूम वाला 8MP टेलीफोटो लेंस बताया जा रहा है। साथ ही यहां 4,900mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गयी है, जो 45W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग के साथ आएगी। टीज़र में कंपनी ने मिंट रंग वाला मॉडल दिखाया है, वहीँ लीक में ग्रेफाइट, पिस्ता और ब्लूबेरी रंग भी सामने आए हैं। भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब ₹65,990 रहने की खबर है।
Infinix Hot 70 Pro

Infinix Hot 70 Pro भारत में 4 सितंबर 2026 को दस्तक देने वाला है। कंपनी ने सितंबर के पहले हफ्ते की पुष्टि खुद कर दी है और ये भी बता दिया है कि आप इसे Flipkart से खरीद सकेंगे। ये फोन जुलाई में ग्लोबल बाज़ार में आ चुका है, इसलिए इसके स्पेसिफिकेशन अभी से पक्के हैं।
डिज़ाइन के मामले में आपको इसमें चार रंग मिलेंगे, और हर रंग में कुछ अलग दिया गया है। Thermo Orange वाले मॉडल का बैक पैनल तापमान के हिसाब से अपना रंग बदलता है। वहीँ Mirage Green का पिछला हिस्सा रात के अंधेरे में अलग दिखता है, और Silk Glow Purple की टेक्सचर फोन हिलाने पर बदलती नज़र आती है। चौथा रंग Dive Blue सादा मैट फिनिश के साथ आता है।
इसमें 6.76-इंच का LCD पैनल इस्तेमाल हुआ है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 950 निट्स HBM ब्राइटनेस के साथ आता है। इसके साथ 6nm वाला Dimensity 7100 चिपसेट और UFS 2.2 स्टोरेज दी गयी है। साथ ही यहां 6,000mAh बैटरी मिलती है, जो 45W फास्ट चार्जिंग के साथ आती है। प्राइमरी सेंसर 50MP का है और इसका साइज़ 1/1.95-इंच रखा गया है।
अतिरिक्त फीचरों में IP68 रेटिंग, MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन, स्टीरियो स्पीकर, 3.5mm जैक, IR ब्लास्टर और अलग माइक्रो-SD स्लॉट शामिल हैं। हालांकि इसमें आपको पैनल AMOLED नहीं, LCD ही मिलेगा, और OS अपडेट भी सिर्फ तीन साल के मिलेंगे।
Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max

Redmi Note 17 Pro और Note 17 Pro Max, दोनों सितंबर 2026 को भारत में दस्तक देने वाले हैं। टिपस्टर योगेश ब्रार के अनुसार यही तारीख तय हुई है, हालांकि Xiaomi की तरफ से आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
दोनों मॉडलों में 6.83-इंच का फ्लैट OLED पैनल मिलेगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। फर्क आपको अंदर दिखेगा। Note 17 Pro में Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट के साथ 9,000mAh बैटरी और 67W चार्जिंग बतायी जा रही है। वहीँ Pro Max में Snapdragon 6 Gen 5 के साथ बैटरी 10,000mAh की और चार्जिंग 100W तक चली जाती है।
कैमरे में प्राइमरी सेंसर दोनों पर 50MP का ही रहेगा, बस सेल्फी कैमरा Pro में 16MP और Pro Max में 32MP का मिलेगा। सॉफ्टवेयर अपडेट के मामले में दोनों एक जैसे हैं, आपको चार साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच मिलेंगे।
हालांकि कीमत इस सीरीज़ का सबसे बड़ा सवाल बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार Xiaomi इस बार इनके दाम पिछली Note 15 Pro पीढ़ी के मुकाबले में कम से कम ₹8,000 ऊपर रख सकती है।
ये पढ़ें: एक्सक्लूसिव: Redmi Note 17 Pro सीरीज़ 15 सितंबर को होगी लॉन्च, बैटरी बड़ी और कीमत में बड़ा उछाल
POCO X8 और POCO X8 Power

POCO X8 और X8 Power, दोनों सितंबर 2026 में भारत आने वाले हैं, और इनके बारे में एक बात पहले जान लेना ज़रूरी है। लीक के अनुसार POCO X8 असल में Redmi Note 17 Pro का ही रीब्रांडेड रूप है, वहीँ X8 Power वही डिवाइस है जो Redmi Note 17 Pro Max के नाम से आएगा।
इनमें X8 Power ज़्यादा चर्चा में है, क्योंकि टिपस्टर्स के अनुसार ये POCO का पहला 10,000mAh बैटरी वाला फोन बनेगा। इतनी बड़ी बैटरी के बाद भी इसकी मोटाई 8.68mm रहने का दावा किया जा रहा है।
इसमें 6.83-इंच का 1.5K AMOLED पैनल मिलेगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,840Hz PWM डिमिंग के साथ आएगा। इसके साथ LPDDR5X रैम और UFS 4.0 स्टोरेज मिलने की खबर है, हालांकि सस्ते वैरिएंट में आपको UFS 2.2 स्टोरेज भी मिल सकती है। मज़बूती की दृष्टि से इसमें IP68 के साथ IP69 रेटिंग भी दर्ज है। वहीँ सादा POCO X8 इससे एक कदम नीचे रहेगा, जो Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट और 9,000mAh बैटरी के साथ आएगा।
पिछले मॉडलों से तुलना करें तो POCO M8 Power भारत में ₹24,999 की शुरुआती कीमत पर 8,000mAh बैटरी के साथ आया था, वहीँ M8x ₹18,999 पर 7,900mAh बैटरी के साथ आया है।
Vivo V80 Lite

Vivo V80 Lite 3 सितंबर 2026 को लॉन्च हो रहा है, और कंपनी ने खुद इसमें 10,000mAh बैटरी होने की पुष्टि कर दी है। हालांकि ये तारीख फिलहाल मलेशिया के लिए है, भारत की तारीख अभी सामने नहीं आई है।
भारत को लेकर एक बात और है। मलेशिया वाले मॉडल में फ्लैट फ्रेम और फ्लैट बैक पैनल दिया गया है, लेकिन भारत में जो टीज़र सामने आया, उसमें कर्व्ड डिस्प्ले दिखी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय वैरिएंट हाल ही में आए vivo S2 का ही दूसरा रूप हो सकता है, जो यहां ₹39,999 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था।
कैमरे में इसमें चौकोर मॉड्यूल के अंदर 50MP का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। वहीँ रंगों में आपको काला, हरा और गुलाबी विकल्प मिलेंगे।
Samsung Galaxy A08

Samsung Galaxy A08 सर्टिफिकेशन की लगभग सारी सीढ़ियाँ पार कर चुका है। Wi-Fi Alliance और BIS, दोनों की लिस्टिंग में ये दर्ज हो चुका है, और Samsung ने इसके सपोर्ट पेज भी लाइव कर दिए हैं। आम तौर पर सपोर्ट पेज लाइव होने के कुछ ही हफ्तों में फोन दुकानों तक पहुंच जाता है।
ये फोन Galaxy A07 का सक्सेसर है और ₹15,000 से नीचे वाले सेगमेंट के लिए बनाया गया है। हालांकि कंपनी ने लॉन्च डेट का ऐलान अभी नहीं किया है, इसलिए ये सितंबर में आएगा या अक्टूबर में, ये अभी तय नहीं है। इस सेगमेंट में Samsung का तरीका भी यही रहा है कि पूरी जानकारी लॉन्च के दिन ही सामने रखी जाती है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।


































